स्वर्गाश्रम क्षेत्र स्थित विभिन्न घाटों का अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ने लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम क्षेत्र स्थित विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अर्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्मण घाट, संत सेवा घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट और वेद निकेतन घाट का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को घाटों की मरम्मत, निर्माण और सुधारीकरण कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की अनिवार्य व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ की स्थिति में दबाव एक ही स्थान पर न बने, इसके लिए घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्तों के निर्माण और जहां जगह कम है वहां वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश भी दिए। डीएम ने सिंचाई विभाग को रामझूला के समीप 90 मीटर लंबे स्नान घाट का निर्माण प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए।
नगर पंचायत को क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और जनसुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए कहा। वहीं, निर्माणाधीन बजरंग सेतु के कार्य में तेजी लाने और इसे समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने एसडीएम को सभी निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति समीक्षा अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।

स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बेसहारा मवेशियों की समस्या पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई और विशेष अभियान चलाकर इन्हें गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की बाघखाला-जौंक लिंक मार्ग का निरीक्षण कर इंटरलॉकिंग व ड्रेनेज कार्यों की जानकारी भी ली।

मौके पर एसडीएम यमकेश्वर रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, तहसीलदार वैभव जोशी, ईओ नगर पंचायत जौंक दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *