Rishikesh: जमीन के लालच में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर रची मां की हत्या की साजिश

 

खबर काम की
रायवाला (ऋषिकेश)।  खजानी देवी (65) की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उनकी बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुश्तैनी जमीन में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर शिल्पा का मां और भाई से विवाद था। जिसके कारण उसने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची।

22 सितंबर को संजय पुंडीर ने रायवाला थाने में मां के लापता होने की तहरीर दी थी। रात करीब 10ः30 बजे परिजनों ने घर का ताला तोड़ा तो खजानी देवी का शव बाथरूम में पड़ा मिला। हत्या के बाद बाहर से ताला लगाया गया था।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह टीमें गठित की थी। पुलिस ने एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाने के साथ करीब 700 सीसीटीवी कैमरों और 500 होटल-धर्मशालाओं की फुटेज खंगाली। जांच में शिल्पा और शिवनारायण के बीच लगातार संपर्क और घटना से पहले शिवनारायण की मृतका के घर के आसपास मौजूदगी सामने आई। घटना के बाद उसका मोबाइल भी बंद मिला।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 25 सितंबर को शिवनारायण को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने शिल्पा के कहने पर हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर 26 सितंबर को शिल्पा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शिवनारायण ने 21 सितंबर को घर पहुंचकर खजानी देवी की गला दबाकर हत्या की और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था।