Rishikesh: पीडब्ल्यूडी तिराहे पर बच्चों से भरी बस के ब्रेक फेल, हादसा टला

 

खबर काम की
ऋषिकेश। मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह बच्चों से भरी एक बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया। अनियंत्रित बस दीवार से टकरा गई। हादसे के समय बस में 30 लोग सवार थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रधानाचार्य को हल्की चोटें आईं हैं।

एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक कविद्र सजवाण के अनुसार सुबह करीब 9:40 बजे बस संख्या यूपी 83 एटी 8300 पीडब्ल्यूडी तिराहे पर पहुंची थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं और शिक्षक सवार थे, जो लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान एवं भ्रमण के लिए आए थे।

सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पुलिस ने बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई और उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की हैं।