खबर काम की
देहरादून। बाल दिवस पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कौलागढ़ में ‘एक चिट्ठी लिखिए’ कार्यक्रम का शुभारम्भ हरवंश कपूर ने किया। इस अवसर पर नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तत्पश्चात मां सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम शुभारंभ हुआ।
कोना कक्षा का अभियान के मुख्य संयोजक गणेश उनियाल ने कार्यक्रम के महत्व एवं धाद की गतिविधियों से परिचय कराया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा में समाज की रचनात्मक भूमिका के अभियान कोना कक्षा का में हर वर्ष स्कूलों में देश दुनिया की बेहतरीन किताबें भेजी जाती है और एक चिठ्ठी लिखिए अभियान के साथ आयी हुई किताबों के बारे में बच्चों को चिट्ठी लिखने के लिए कहा जाता है। चिट्ठियों का यह उत्सव पूरे एक माह तक चलेगा. जिसमें प्रदेश के सैकड़ों बच्चे 14 नवंबर से शुरू होकर 14 दिसंबर तक चिट्ठियाँ लिखेंगे। इस दौरान लिखी गयी चिट्ठियों मे से श्रेष्ठ 10 प्रतिशत चिट्ठियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कोना कक्षा की संयोजक आशा डोभाल ने पत्र लिखने की संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए इसका महत्व बच्चों को समझाया। उन्होंने कहा कि कोना कक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत भेजी जाने वाली पुस्तकें गहन अध्ययन के उपरांत चुनी जाती हैं और हम चाहते हैं कि बच्चे इनसे अधिक से अधिक लाभान्वित हों।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिवानी पेटवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए धाद का धन्यवाद किया। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ चिट्ठी लिखने वाले तीन बच्चों (कु. अक्षिता नेगी, राधिका नेगी एवं पायल) को उनकी विशिष्ट चिट्ठियों के लिए पुरस्कृत किया गया। बच्चों ने थड़िया गीत, भजन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। कार्यक्रम का संचालन बीना रावत ने किया। कार्यक्रम में सभी बच्चे एवं शिक्षिकाओं के अतिरिक्त धाद की ओर से ममता डोभाल, पूर्णिमा गैरोला एवं शुभम शर्मा उपस्थित थे।
