देवलेश्वर महादेव मेले में उमड़े श्रद्धालु

 

खबर काम की
पौड़ी।  गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी का पर्व आस्था, उल्लास और लोक संस्कृति के रंगों के बीच मनाया गया। मेले में 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। पारंपरिक वेशभूषा, लोक परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों ने आयोजन को विशिष्ट पहचान दी।

रविवार को डीएम स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। डीएम ने कहा कि ऐसे आयोजन लोक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। कहा कि मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार से अन्य क्षेत्रों के लोग भी यहां की संस्कृति से परिचित हो सकेंगे।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में विकास कार्यों का जायजा भी लिया, साथ ही भविष्य में इसे और भव्य स्वरूप देने का भरोसा दिलाया। समिति सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि पिछले वर्ष दिए गए सुझावों के अनुरूप देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। पारंपरिक शिल्प शैली में हुए कार्यों के साथ मंदिर के इतिहास और स्थापत्य से जुड़े सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं।

मेले का विशेष आकर्षण कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन रहा। महाभारत के प्रसंगों पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और सजीव चित्रण ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, प्रमोद मंद्रवाल, संचालक नागेंद्र जुगराण, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत, यशवंत थपलियाल आदि मौजूद रहे।