किनारे पर मिले मोबाइल और कपड़े
खबर काम की
ऋषिकेश। शिवपुरी क्षेत्र में रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान जयपुर निवासी एक युवक और युवती डूबकर लापता हो गए। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार दोनों अपने दो अन्य साथियों राजकुमार मीणा और उनकी पत्नी के साथ शिवपुरी स्थित एक कैंप में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह करीब 7ः30 से 8ः30 बजे के बीच लवेश और चेतना साथियों को बताए बिना गंगा किनारे पहुंचकर नहाने लगे। बाद में उन्होंने फोन कर अपने साथियों को भी वहां बुलाया।
जब राजकुमार मीणा मौके पर पहुंचे तो दोनों वहां नहीं मिले। नदी किनारे उनके मोबाइल फोन और कपड़े मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ के डीप डाइवर ने गंगा में तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल दोनों लापता हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।
लापता युवाओं की पहचान लवेश साटीवाल (26) पुत्र सुरेश साटीवाल निवासी जयपुर और चेतना मीणा (27) पुत्री हरिशंकर मीणा निवासी प्रतापनगर जयपुर के रूप में हुई है। लवेश राजस्थान सरकार के विद्युत विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
