खबर काम की
पटना (सीनियर रिपोर्टर)। लोकसभा चुनाव में सभी पार्टियों के नेता प्रचार में जुटे हुए हैं। भीषण गर्मी और तपती दोपहरी के बीच जनसभाओं का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अररिया से आरजेडी नेता के तबीयत बिगड़ने की खबर आई। जानकारी के मुताबिक अररिया के फारबिसगंज अनुमंडल के सिमराहा मध्य विद्यालय मैदान में चुनावी सभा कर रहे तेजस्वी यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तेजस्वी यादव ने मुकेश सहनी के बाद मंच संभाला। उन्होंने लोकलुभावन वादे किए। सही तरीके से जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद जैसे ही माइक से अलग हटने लगे उनका शरीर लड़खड़ाने लगा। ये देखते ही पास में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी को संभाला।
तेजस्वी की बिगड़ी तबीयत
तेजस्वी यादव लगातार बिहार में जनसभा कर रहे हैं। एक आरजेडी नेता ने बताया कि बीजेपी की ओर से लगातार तमाम नेता प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं तेजस्वी यादव अकेले अपने दम पर पूरे बिहार में घूम रहे हैं। भीषण गर्मी और धूप की वजह से भी स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। जानकारी के मुताबिक तेजस्वी को अररिया में अचानक पीठ दर्द का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें चलने में दिक्कत का सामने करना पड़ा। इसके बाद उनके समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़कर मंच से कार तक पहुंचाया। ध्यान रहे कि रोजाना तेजस्वी यादव सुबह निकलते हैं और 6 से 7 रैली कर देर शाम को लौटते हैं।