परमार्थ निकेतन में अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 09 से 15 फरवरी तक

• देश-विदेश से योग साधकों और जिज्ञासुओं को आना हुआ शुरू

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। परमार्थ निकेतन में इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 09 से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद और साध्वी भगवती के सानिध्य में हर दिन योग के साथ ही देश दुनिया के साधक और जिज्ञासु भारतीय संस्कृति, आध्यात्म और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से रूबरू होंगे।

परमार्थ निकेतन आश्रम से मिली जानकारी के अनुसार यहां बीते 36 वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित हो रहा है। योग महाकुंभ, योग के समर्पित साधकों के लिए एक अद्भुत अवसर होगा। जहां वे विश्वभर के योग विशेषज्ञों, साधकों और जिज्ञासुओं संग अपनी साधना को पूरा करेंगे।

बताया गया कि महोत्सव के दौरान, योग, आयुर्वेद, आहार-विहार, प्राणायाम, गंगा आरती, दिव्य यज्ञ, ध्यान, पूज्य संतों के उपदेश, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जाएगा। यहां साधकों को स्वामी चिदानन्द सरस्वती, साध्वी भगवती सरस्वती और महापुरुषों का सानिध्य प्राप्त होगा। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की दिव्य संस्कृति, भारत की विविधता में एकता के दर्शन, संस्कृति और योग की समृद्ध परंपराओं का सुंदर प्रस्तुतिकरण होगा।

इन देशों से साधकों का आना शुरू
परमार्थ निकेतन में प्रस्तावित अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में भारत के अलावा मैक्सिको, नार्वे, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, बेलारूस, बेल्जियम, इक्वाडोर, फ्रांस, आइसलैंड, आयरलैंड, जापान, लेबनान, पुर्तगाल, रोमेनिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड, वेनेजुएला, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, क्रोएशिया, डेनमार्क, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, उरुग्वे आदि से योग जिज्ञासु का आना शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *