शगुन वेडिंग प्वाइंट में लगी आग, लाखों का नुकसान

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। आरपीएस स्कूल के निकट शगुन वेडिंग प्वाइंट में आग लग गई। आग लगने से वेडिंग प्वाइंट में लगा टेंट का सामान और पांच वाहन जलकर खाक हो गए। आग की सूचना मिलते ही ऋषिकेश से दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन आग की विकराल स्थिति को देखने के बाद नरेंद्र नगर और हरिद्वार से पांच अन्य वाहन भी आग बुझाने के लिए मौके पर बुलाए गए।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से शगुन प्लाजा वेडिंग प्वाइंट में आग लगने की जानकारी मिली है। फायर विभाग ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल नुकसान की कीमत लाखों रुपए में बताई गई है। बता दें कि घटना शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। जब लोगों ने शगुन प्लाजा वेडिंग प्वाइंट में आग की लपेट उठती हुई देखी। आग लगी देखकर आसपास के लोगों में सनसनी मच गई। इस दौरान पास में ही रहने वाले एक व्यक्ति ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कोतवाल प्रदीप राणा, चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल और फायर अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में दो छोटे लोडर, एक पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल जली है। इसके अलावा टेंट का सारा सामान जलकर राख हो गया है। गनीमत रही कि आग और ज्यादा नहीं फैली जिससे आसपास की बिल्डिंगों को नुकसान नहीं हुआ। प्रथम दृष्टि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से ही आग लगनी प्रतीत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *