सोमवार को श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में जिला अभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 50 लाख के पार
खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। श्रावण मास की नीलकंठ महादेव की यात्रा में सोमवार को मेला क्षेत्र में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मुनिकीरेती और नीलकंठ जाने मार्ग के दोनों और कांवड़ियों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस को यहां से श्रद्धालुओं को बाईपास मार्ग से डायवर्ट करना पड़ा। नीलकंठ पैदल और मोटर मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। यहां भी यात्रा मार्ग पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह को टीम के साथ मोर्चा संभालना पड़ा। जिला देहरादून के श्यामपुर क्षेत्र में भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह मोर्चा संभालते नजर आए। जिला पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने श्रद्धालुओं की संख्या देर रात 12:00 तक लगभग 50 लाख तक पहुंच गई।
नीलकंठ महादेव मंदिर से जुड़ी कांवड़ यात्रा में डाक कावड़ शुरू होने के बाद यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रुप से रायवाला, श्यामपुर, ऋषिकेश, कैलाश गेट, मुनिकीरेती, तपोवन क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नेपाली फार्म फ्लाईओवर से लेकर मुनिकीरेती का बदरीनाथ हाईवे के दोनों और कांवड़ यात्रियों के वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मुनिकीरेती के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि पैदल यात्रियों के साथ दोपहिया वाहनों की भारी आमद से पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राम झूला और जानकी सेतु को श्रद्धालुओं के लिए वन-वे करना पड़ा।
नीलकंठ महादेव मंदिर जाने वाले पैदल और मोटर मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां व्यवस्था संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी को स्वयं मोर्चा संभालना पड़ा। पैदल मार्ग और गरुड़ चट्टी पर भीड़ नियंत्रण के साथ उन्होंने नीलकंठ महादेव मंदिर में जाकर भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नीलकंठ महादेव के पास जिला पंचायत में पार्किंग बुधवार को दोपहिया वाहनों के कारण फूल हो गई।
