आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री सुबोध उनियाल ने किया दौरा, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए

 

खबर काम की
चंबा (टिहरी गढ़वाल) (सीनियर रिपोर्टर)। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के साथ ऋषिकेश-चंबा मोटर मार्ग पर आमसेरा, विडोन, सेलुपाणी, खाड़ी और खाड़ी-गजा रोड पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया।

इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि अतिवृष्टि और भूस्खलन से मोटर मार्गों, आवासीय भवनों, पुलों, पैदल पुलियाओं, खेतों, फसलों व सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। कहा कि शासन-प्रशासन राहत व पुनर्वास कार्यों में तत्परता से जुटा है और मुख्यमंत्री स्वयं लगातार आपदा की समीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को नियम अनुसार तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। जिन परिवारों को शिफ्ट करना आवश्यक है, उन्हें उनकी इच्छानुसार किराए के भवनों या सरकारी राहत शिविरों में सुरक्षित ठहराया जाए। उन्होंने बीआरओ अधिकारियों को खाड़ी से नागणी तक संवेदनशील स्थानों का चिन्हीकरण कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।

डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा कि खतरे की जद में आने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त रास्तों, सुरक्षा दीवारों और छोटी पुलियाओं के प्राक्कलन मनरेगा व आपदा मद से तैयार करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

मौके पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, पालिकाध्यक्ष चंबा शोभनी धनौला, राजेंद्र भंडारी, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, ईई जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, डीएसओ मनोज डोभाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी, तहसीलदार ए.पी. उनियाल, बीडीओ श्रुति आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *