कमिश्नर गढ़वाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, अधिकारियों को दिए निर्देश

 

खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)।  गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को आपदा प्रभावित मालदेवता-केसरवाला क्षेत्र का जायजा लिया। हाल ही में आई बाढ़ से रायपुर-मालदेवता मार्ग का एक हिस्सा बह गया था, जिससे सीधा संपर्क टूट गया था। युद्धस्तर पर चले पुनर्निर्माण कार्य के बाद आज सुबह यहां अस्थायी सड़क तैयार कर यातायात बहाल कर दिया गया है।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्थायी सड़क को और सुविधाजनक बनाया जाए। बरसात के बाद स्थायी सड़क का निर्माण तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही सड़क को भविष्य में बाढ़ से बचाने के उपाय करने को भी कहा।

इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी विभागों ने दिनरात काम कर केवल दो दिन में ही अस्थायी सड़क तैयार कर दी है। इससे रायपुर के दूरस्थ गांवों के साथ ही टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार भी जताया।

विधायक ने लोगों से अपील की कि बरसात के दिनों में रात के समय इस मार्ग पर आवाजाही से बचें। जल्द ही स्थायी सड़क बनने के बाद यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *