राज्यपाल ने किए बदरी-केदार में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना

 

खबर काम की
रुद्रप्रयाग/चमोली (सीनियर रिपोर्टर)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने दोनों धामों में विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।

राज्यपाल ने सबसे पहले केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विशेष रुद्राभिषेक का दिव्य सौभाग्य प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “इस पवित्र धाम में पहुंचते ही मन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक शांति से भर जाता है।” राज्यपाल ने बाबा केदार से विश्व शांति, मानव कल्याण और उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की।

धाम में उन्होंने पुनर्निर्माण व विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल ने तीर्थ पुरोहित समाज, प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेवा संस्थाओं के समर्पण की सराहना की। कहा कि “यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा, तीर्थपुरोहितों की सुविधाओं और पुनर्निर्माण में हुई प्रगति सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।”

इसके बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह बदरीनाथ धाम पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “इस पावन धरा पर पहुंचते ही मन श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत हो उठा।” उन्होंने भगवान बदरी विशाल से भी देश और उत्तराखंड की सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की और जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व मंदिर समिति की व्यवस्थाओं को सराहा। कहा कि “धामों में चल रहे विकास कार्य आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *