विकास कार्यों में ऋषिकेश उत्तराखंड के सभी नगर निगमों में सबसे आगेः महापौर

 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश। नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा करते हुए दावा किया कि विकास कार्यों के मामले में ऋषिकेश उत्तराखंड के सभी नगर निगमों में अग्रणी बनकर उभरा है।

नगर निगम कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मेयर पासवान ने बताया कि ‘स्वच्छ ऋषिकेश, स्वस्थ ऋषिकेश’ के संकल्प के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी किया गया है। पहले जहां 25 कूड़ा संग्रहण वाहन थे, उनकी संख्या बढ़ाकर 52 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि यूजर चार्ज की वसूली में भी वृद्धि हुई है, जो अब 14 लाख रुपये तक पहुंच गई है। चारधाम यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता प्रबंध किए गए हैं और लालपानी क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण एवं निस्तारण प्लांट का कार्य तेजी से प्रगति पर है।

मेयर ने बताया कि बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में 17.77 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों का सुधारीकरण किया गया। शहर की मुख्य और आंतरिक सड़कों पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। नालियों के निर्माण से ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत किया गया। परशुराम चौक पर वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी

उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पार्कों के निर्माण और सौंदर्याकरण पर भी विशेष ध्यान दिया है। चंद्रेश्वर नगर में रजत जयंती पार्क और आवास विकास केशव पार्क में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। कई पार्कों में ओपन जिम लगाए गए हैं।

पासवान ने बताया कि स्मार्ट सिटी की दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्मार्ट बस शेल्टर, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन और स्मार्ट वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। पीपीपी मोड पर 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। बताया कि ऋषिकेश को उत्तराखंड का पहला ‘तंबाकू नियंत्रित शहर’ बनाने की दिशा में नियम बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने भविष्य की योजनाओं पर कहा कि रायवाला में निराश्रित गौवंशों के लिए गौशाला और डॉग शेल्टर निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। साथ ही शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए कूड़े के पहाड़ को हटाने की दिशा में भी कार्य तेज किया जा रहा है। मौके पर सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट और कई पार्षद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *