शिव भक्तों का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से स्वागत 

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश (रिपोर्टर)। श्रावण मास में शुरू हुई पवित्र कांवड़ यात्रा के अवसर पर नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जौंक क्षेत्रान्तर्गत बाघखाला में शुक्रवार को शिव भक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

उन्हें मालाएं पहनाकर और प्रसाद वितरित कर भव्य अभिनंदन किया गया। हर-हर महादेव के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच शिवभक्तों की सेवा में समर्पित यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सौहार्द्र का प्रतीक बन गया।

कांवड़ यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं का नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जौंक क्षेत्र के स्थानीय लोगों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने स्वागत किया। फूलों की वर्षा और जयकारों के साथ शिवभक्तों की पदयात्रा का हर दृश्य अविस्मरणीय बन गया।

कांवड़ियों ने जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा किये गये स्वागत और व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता जतायी और बताया कि यात्रा मार्ग पर उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। श्रद्धालुओं ने आभार प्रकट करते हुये इसे अपनी अब तक की सबसे सुखद यात्रा में से एक बताया।

बाघखाला सहित स्वर्गाश्रम-जौंक क्षेत्र, नीलकंठ मंदिर व नीलकंठ मार्ग में कांवड़ मेले को लेकर पूर्णतः श्रद्धामय वातावरण बना हुआ है।

शिवभक्तों की सेवा को समर्पित प्रशासन के अधिकारी लगातार कार्यों में जुटे हुए हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था पहले से ही चाक-चौबंद की गयी थी।
इस अवसर पर यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष चिदानन्द सरस्वती मुनि महाराज, नगर पंचायत अध्यक्ष बिंदिया अग्रवाल, उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल, उप जिलाधिकारी रेखा आर्य, तहसीलदार वैभव जोशी, अधिशासी अधिकारी अंकित राणा, राजस्व निरीक्षक सत्यपाल चौहान, राजस्व निरीक्षक चित्र सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *