तीर्थ नगरी में महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब,श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतारें

 

खबर काम की
ऋषिकेश। महाशिवरात्रि पर्व पर तीर्थ नगरी ऋषिकेश में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। हजारों शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

महाशिवरात्रि के अवसर पर वीरभद्र महादेव मंदिर, सोमेश्वर महादेव मंदिर, चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, बनखंडी महादेव मंदिर तथा नीलकंठ महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना में लीन रहे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वीरभद्र महादेव मंदिर द्वारा दो दिन पहले भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं सोमेश्वर महादेव मंदिर के महंत रामेश्वर गिरी ने बताया देर रात को 1011 कमल पुष्पों से महादेव का अभिषेक किया जाएगा। सोमवार को शिव बारात का आयोजन किया जाएगा , जबकि मंगलवार को चंद्रेश्वर महादेव मंदिर की ओर से नगर में शिव बारात निकाली जाएगी।

इसके अतिरिक्त वीरभद्र महादेव मंदिर और सोमेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में शिवरात्रि मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में लगे झूलों पर बच्चे और युवा मस्ती करते नजर आए, वहीं लोगों ने चाट, पकौड़ी और मिष्ठान का आनंद लेते हुए पर्व का भरपूर उत्साह मनाया।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर तीर्थ नगरी के सभी शिवालय श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर दिखाई दिए। चारों ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों ने पूरे शहर को शिवमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *