खबर काम की
हरिद्वार। लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई के तहत प्रदेश में जारी सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्धता, गुणवत्ता और नवीनतम तकनीक के साथ तेजी से पूरे किए जाएं।
सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक के दौरान महराज ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए पैचवर्क को शीर्ष प्राथमिकता देने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। पूर्ण हो चुकी सड़कों पर वाहनों के संचालन से पूर्व परिवहन विभाग से स्वीकृति लेने को कहा गया।
मंत्री ने बताया कि देहरादून के सुद्धोंवाला से मसूरी तक वैकल्पिक रोड कनेक्टिविटी के लिए डीपीआर और अलाइनमेंट का कार्य पूरा हो चुका है। सड़कों के पैचवर्क से जुड़ी 1456 शिकायतों में से 1444 का निस्तारण किया जा चुका है।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में जाम से राहत के लिए बाईपास कार्य स्वीकृत हो गया है। जून तक वैली ब्रिज बनाकर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। सिंगटाली पुल निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति मिलते ही कार्य शुरू होगा।
उन्होंने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा का उल्लेख करते हुए स्थायी निर्माण कार्यों और स्वच्छता पर विशेष जोर देने की बात कही। बैठक में सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडे, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रंजीत सिंह रावत, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार डीपी सिंह आदि मौजूद रहें।
