राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर ‘ऑनलाइन वोटिंग’ के जरिए पारित किया नशा निषेध प्रस्ताव

 

खबर काम की
नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल) ‘राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस’ के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल की ग्राम पंचायत ओडाडा ने लोकतांत्रिक भागीदारी की एक नई मिसाल पेश की है। ग्राम प्रधान बबली रावत के नेतृत्व में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में न केवल भौतिक रूप से उपस्थित ग्रामीणों, बल्कि तकनीकी का उपयोग करते हुए ‘ऑनलाइन वोटिंग’ के माध्यम से भी ‘नशामुक्त ओडाडा’ के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगाई।

डिजिटल लोकतंत्र की नई मिसाल

पंचायत के इतिहास में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी सामाजिक सुधार के लिए गाँव के युवाओं और बाहर रहने वाले प्रवासियों को भी ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से इस निर्णय प्रक्रिया से जोड़ा गया। इस प्रक्रिया में भारी संख्या में लोगों ने मदिरापान पर प्रतिबंध के पक्ष में मतदान किया, जिसके बाद आज पंचायत भवन में इस ऐतिहासिक निर्णय को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

निर्णय के मुख्य बिंदु:

1 मई से पूर्ण प्रतिबंध: आगामी 1 मई 2026 से पूरे पंचायत क्षेत्र के शादी-समारोहों, सार्वजनिक भोज और स्थानीय त्योहारों में शराब परोसना और पीना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा।

अनुशासन समिति का गठन: गाँव की माताएं-बहनें (मातृ शक्ति) और युवा मंगल दल इस अभियान के संरक्षक होंगे। उल्लंघन की सूचना देने के लिए एक विशेष ‘अनुशासन समिति’ कार्य करेगी।

₹25,000 का अर्थदंड: सामूहिक निर्णय की अवहेलना करने वाले आयोजकों पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में थाना नरेंद्र नगर को कानूनी कार्यवाही हेतु सूचित किया जाएगा।

ग्राम प्रधान बबली रावत ने कहा, “राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मिली यह ‘सर्वसम्मति’ दर्शाती है कि हमारा पूरा गाँव अपनी भावी पीढ़ी के भविष्य को लेकर कितना गंभीर है। यह निर्णय हमारी देवभूमि की संस्कृति को बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”

इस अवसर पर वार्ड सदस्य प्रेम सिंह, सरिता, कामेश्वरी देवी, अनिता देवी, दुर्गेश प्रसाद, चरण सिंह, दर्शनी देवी, युवा मंगल दल अध्यक्ष उत्तम रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश रावत , अनूप सिंह असवाल प्रधानाचार्य राo इo का o ओडाडा सहित समस्त शिक्षक, छात्र एवम् महिला समूह एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *