गर्वनर गुरमीत सिंह ने किए भगवान बदरी विशाल के दर्शन

 

खबर काम की
बदरीनाथ। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा बेहतर ढंग से संचालित हो रही है। हजारों श्रद्धालु दर्शनों को पहुंच रहे हैं।

शनिवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह के बदरीनाथ पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने हेलीपैड पर आगवानी की। जहां से वे कार से मंदिर पहुंचे, यहां बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका अभिनंदन किया।

मंदिर में दर्शन के बाद राज्यपाल ने बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट की। साथ ही मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों से यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। वहीं उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत रिवर फ्रंट और अन्य निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया।

राज्यपाल ने धाम के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से बातचीत कर उनके सुझाव सुने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सराहना की।

राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भक्ति भाव और अनुशासन के साथ दर्शन करें। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं मे सहयोग प्रदान करें। उन्होंने यात्रियों से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदने का आह्वान भी किया।

मौके पर एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, यात्रा मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, एसडीएम चमोली राजकुमार पांडे, डीएसपी मदन सिंह बिष्ट, एडिशनल एसपी होशियार सिंह, अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *