Hemkunt Sahib Yatra: श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील 

 

खबर काम की
जोशीमठ।  गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट (गोविंदघाट) के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द, अनुशासन और शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की है।

ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 23 मई से शुरू हुई इस पावन यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। सभी तीर्थयात्री यात्रा के महत्व को समझते हुए मर्यादा के भीतर रहकर दर्शन करें और किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचें।

प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व केवल धर्म की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से अपने साथ शस्त्र न लाएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी तरह के शस्त्र रखने से पूरी तरह बचाया जाए।

उत्तराखंड को एक शांतिप्रिय राज्य बताते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम सहित श्री हेमकुंट साहिब का देश-दुनिया में विशेष धार्मिक महत्व है। सरकार द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय श्रद्धालुओं को संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *