Champawat: मुख्यमंत्री  ने ₹123.79 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

खबर काम की
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम में 123.79 करोड़ रुपये की लागत से तैयार व प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण और 96 करोड़ रुपये की लागत से नौ नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने 349.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा बस स्टेशन रोडवेज परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है, जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और किसानों-व्यापारियों को समृद्धि के नए आयाम मिलें।

उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में 62.33 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केन्द्र और ओपन जिम जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला खेल कॉलेज और 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। वहीं मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर और गोल्ज्यू कॉरिडोर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास भी तेजी से किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों से संवाद कर विकास कार्यों में जनभागीदारी को आवश्यक बताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्यमंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, गोविंद सामंत, निर्मल मेहरा, डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ जीएस खाती, एडीएमकृष्णनाथ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *