• सीएम धामी आदि कैलाश में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल
खबर काम की
देहरादून (सीनियर रिपोर्टर)। International Yoga Day : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के साथ ही उत्तराखंड में भी योग समारोह की धूम रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत आदि कैलाश पहुंचकर योग समारोह में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश द्वारा विश्व को दी गई ’योग’ रूपी अमूल्य धरोहर से आज करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। कहा कि हम सभी को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शक्ति के लिए योग को अपनी दिनचर्या बनाना चाहिए।
सूचना निदेशालय में अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास
सूचना निदेशालय देहरादून में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक अंकित ने सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने योग प्रशिक्षक अंकित का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन का एक संपूर्ण तरीका है। इसे अपनाकर हम एक स्वस्थ, सुखी और संतुलित जीवन जी सकते हैं। सभी से आग्रह है कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इस अवसर पर उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पान सिंह बिष्ट, रंजीत बुधियाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जनपद उत्तरकाशी के कई हिस्सों में हुए आयोजन
उत्तरकाशी स्थित कीर्ति इंटर कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। साथ ही पुलिस लाइन ज्ञानसू, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के अलावा यमुना घाटी में भी कई जगह योग का आयोजन हुआ।
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देहरादून में योग
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम देहरादून में “स्वयं और समाज के लिए योग“ थीम के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा और बड़ी संख्या में स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्रों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भाग लिया।