खबर काम की
स्वर्गाश्रम जौंक। हाल ही में यह जानकारी सामने आई है कि कुंभ मेला बजट से लक्ष्मण झूला क्षेत्र के समस्त गंगा घाटों के प्रस्तावित मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों को बजट की कमी का हवाला देते हुए हटा दिया गया है।
यह निर्णय क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अधिकांश घाट वर्तमान समय में जर्जर अवस्था में हैं और श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के वार्ड संख्या–01 की सभासद रेणुका भंडारी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ,क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति भदौरिया ,तथा कुंभ मेला अधिकारी को ईमेल एवं पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि लक्ष्मण झूला क्षेत्र देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां स्थित गंगा घाटों की वर्तमान स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
रेणुका भंडारी ने मांग की है कि कुंभ मेले जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी गंगा घाटों के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को पुनः कुंभ मेला बजट में शामिल किया जाए, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस विषय की जानकारी आम जनता तक पहुंचने के बाद स्थानीय निवासियों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आस्था और पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण लक्ष्मण झूला क्षेत्र की उपेक्षा किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से शीघ्र इस विषय में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
