Dehradun: प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, रूट को 13 जोन में बांटा

 

 

खबर काम की
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती कर दी है। प्रधानमंत्री के स्वागत में हजारों की संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके लिए समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने पेयजल, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।

गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, बैठने की व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल और अल्पाहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे रूट पर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों द्वारा स्थानीय लोक संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर में एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रस्तावित है। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *