Dehradun: एकल महिला स्वरोजगार योजना के दूसरे चरण की शुरूआत, मुख्यमंत्री ने 488 महिलाओं को 2.76 करोड़ की किस्त भेजी

 

 

खबर काम की
देहरादून।  मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत की है। योजना के तहत 488 महिलाओं के खातों में डीबीटी से 2 करोड़ 76 लाख 16 हजार 875 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई।

मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के दूसरे चरण में 212 नई महिलाओं को प्रथम किस्त के रूप में 1 करोड़ 55 लाख 40 हजार रुपये प्रदान किए गए, जबकि पहले चरण की 276 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 1 करोड़ 20 लाख 76 हजार 875 रुपये जारी किए गए। योजना के पहले चरण में 10 फरवरी को 484 महिलाओं को 3 करोड़ 45 लाख रुपये की सहायता दी गई थी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महिलाएं हर समाज की शक्ति होती हैं। उनका आर्थिक सशक्तिकरण राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है। कहा कि योजना का उद्देश्य एकल, निराश्रित, विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा महिलाओं के साथ-साथ एसिड अटैक पीड़िताओं, अन्य आपराधिक घटनाओं से प्रभावित महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत अधिकतम दो लाख रुपये तक की परियोजना स्वीकृत की जाती है, जिसमें 75 प्रतिशत तक अनुदान राज्य सरकार उपलब्ध कराती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मानजनक आजीविका का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाएं उद्यमिता से जुड़ रही हैं।

सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में लगभग पांच लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय हैं, जबकि 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ’लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह योजना एकल महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिख रही है। सरकार उन्हें विकास की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास चन्द्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *