मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर ग्रामीणों से की बात,क्षतिग्रस्त मार्ग जल्द करें बहाल,अधिकारियों को दिए निर्देश

 

 

खबर काम की
देहरादून प्रदेश में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं की बहाली को लेकर राज्य सरकार लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने डीएम चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत युद्धस्तर पर कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित व सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौके की स्थिति का आकलन कर सभी जरूरी कदम उठाने को भी कहा।

दरअसल, ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री से संपर्क कर क्षतिग्रस्त सड़क की जानकारी दी। बताया कि मार्ग टूटने से गांव के लगभग 120 परिवारों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कहा कि शासन-प्रशासन का दायित्व है कि आमजन की समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।