बिजली का तार टूटकर गिरने करंट फैल गया,जिसके कारण भगदड़ मची
खबर काम की
हरिद्वार (रिपोर्टर)। रविवार को हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण अफरातफरी मच गई। अचानक हुई भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में भीड़ के बीच अचानक एक बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे करंट फैल गया और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश है। मंदिर प्रशासन पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
