खबर काम की
ऋषिकेश। शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का सफर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में हमेशा के लिए थम गया। सड़क दुर्घटना में उनकी मौत की खबर जैसे ही सामने आई, पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिवार और शुभचिंतकों के बीच मातम छा गया। बता दे की हादसे में मृत चौकी प्रभारी विनोद शर्मा घमंडपुर रानीपोखरी के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा मुनि की रेती क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद मंगलवार सुबह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्हें अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर विनोद शर्मा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
