Rishikesh: कांवड़ मेला-2026: पुलिस अधिकारियों के साथ (spo) की समन्वय बैठक आयोजित 

 

खबर काम की
ऋषिकेश। आगामी कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली ऋषिकेश परिसर में आज प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह विष्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मेले के दौरान थाना क्षेत्र में नियुक्त किए जाने वाले स्पेशल पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी निरीक्षक ने स्पेशल पुलिस अधिकारियों को बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उनकी भूमिका पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की होगी। उन्हें निर्देश दिए गए कि वह ड्यूटी के दौरान पूरी संवेदनशीलता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करें। विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में स्पेशल पुलिस अधिकारियों को पार्किंग स्थलों पर सहयोग करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस अधिकारी को देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घायल या अस्वस्थ श्रद्धालुओं की मदद कर उन्हें प्राथमिक उपचार केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग करने को भी कहा। बैठक के दौरान स्पेशल पुलिस अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और मेले के बेहतर संचालन को लेकर कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह विष्ट ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि स्थानीय स्तर पर स्पेशल पुलिस अधिकारियों का सहयोग मेले की सफलता में मील का पत्थर साबित होगा। कहा कि स्पेशल पुलिस अधिकारियों के बेहतर समन्वय से ही लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव मिल पाएगा।

बैठक के समापन पर सभी स्पेशल पुलिस अधिकारियों ने पूर्ण निष्ठा के साथ उत्तराखंड पुलिस का सहयोग कर कांवड़ मेला-2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बार भी श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *