दु:खद: उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन

 

 

खबर काम की
ऋषिकेश। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और डोईवाला से तीन बार विधायक रहे हीरा सिंह बिष्ट का अचानक निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और श्रमिक संगठनों में शोक की लहर है। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहने वाले बिष्ट अपनी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के लिए पहचाने जाते थे।

एन.डी. तिवारी सरकार में उन्होंने परिवहन, श्रम एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वे कांग्रेस संगठन में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे और मजदूरों, कर्मचारियों तथा कमजोर वर्ग के अधिकारों की आवाज बुलंद करते रहे। श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। हीरा सिंह बिष्ट ने अपने राजनीतिक जीवन में विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डोईवाला और रायपुर क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन को उत्तराखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से एक अनुभवी जननेता और मजदूरों की मजबूत आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *